साकची गोलचक्कर पर विहिप-बजरंग दल का धरना, कहा-“लव जिहाद” के खिलाफ बने सख्त कानून
जमशेदपुर : शहर के साकची गोलचक्कर पर रविवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन राज्य और देशभर में कथित “लव जिहाद” के बढ़ते मामलों को लेकर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने आरोप लगाया कि समाज में सुनियोजित तरीके से युवतियों को निशाना बनाकर पहचान छिपाकर संबंध बनाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे सामाजिक और सांस्कृतिक सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बताया। संगठन के पदाधिकारियों ने ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मौजूद रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और समाज को जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशासन से इस विषय पर ठोस कदम उठाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की अपील की।
धरना के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से सख्त कानून बनाने और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन आयोजकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
