सम्राट चौधरी बन सकते हैं बिहार के नए मुख्यमंत्री, आज लगेगी मुहर
पटना : बिहार की राजधानी पटना में सियासी हलचल तेज हो गई है और बिहार में सत्ता परिवर्तन तय माना जा रहा है। एनडीए विधायक दल की अहम बैठक आज शाम होने वाली है, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो सकती है। मौजूदा हालात और राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभर रहे हैं। सियासी गलियारे में चर्चा है कि सम्राट ही होंगे बिहार के मुखिया।
बदलाव की दहलीज पर बिहार की राजनीति
बिहार की सियासत इस समय एक बड़े मोड़ पर खड़ी है। करीब दो दशकों तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा देने वाले हैं। इसके साथ ही राज्य में भाजपा की अगुवाई में नई सरकार बनने का रास्ता साफ होता दिख रहा है। पटना का राजनीतिक माहौल गर्म है और हर ओर नए नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
सम्राट चौधरी के आवास पर बढ़ी हलचल और सुरक्षा
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की अटकलें तब और तेज हो गईं, जब उनके आवास की सुरक्षा अचानक कड़ी कर दी गई। बिना अनुमति प्रवेश पर रोक लगा दी गई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। राज्यपाल के सचिव की मुलाकात को भी सत्ता परिवर्तन के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
एनडीए नेताओं का सम्राट आवास पर जुटान
सम्राट चौधरी के घर पर जेडीयू और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं की आवाजाही बढ़ गई है। ललन सिंह, संजय झा, उमेश कुशवाहा और बीजेपी के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया समेत कई बड़े नेताओं ने उनसे मुलाकात की। बंद कमरे में हो रही ये बैठकों को नई सरकार की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
शिवराज सिंह चौहान की अहम भूमिका
केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंच रहे हैं। वे विधायक दल की बैठक में नए नेता के नाम की घोषणा करेंगे। अब सवाल यह है कि क्या पार्टी कोई चौंकाने वाला फैसला लेगी या फिर सम्राट चौधरी के नाम पर ही अंतिम सहमति बनेगी।
सीएम पद से नीतीश कुमार सौंपेंगे इस्तीफा
तय कार्यक्रम के अनुसार आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक करेंगे। इसके बाद वे लोकभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप देंगे। करीब दो दशकों से बिहार की सत्ता पर काबिज नीतीश कुमार के इस कदम के साथ ही राज्य में एक नए पॉलिटिकल चैप्टर की शुरुआत होगी।
15 अप्रैल को लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह
प्रशासनिक स्तर पर 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री और मंत्रियों के शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्यपाल के सचिव ने डीएम, एसएसपी और अन्य आला अधिकारियों के साथ लोकभवन में बैठक कर सुरक्षा और प्रोटोकॉल की समीक्षा की है। पूरा परिसर अब अलर्ट मोड पर है।
एनडीए विधायकों की शाम 4 बजे बड़ी बैठक
आज शाम 4 बजे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में बीजेपी और जेडीयू सहित सभी घटक दलों के नेता शामिल होंगे। उम्मीद है कि इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान होगा। भावी मंत्रिमंडल की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
बोले तेजस्वी यादव
बोले तेजस्वी-बिहार में जो भी सीएम बनेगा सत्ता गुजरात से चलेगी। मीडिया को दिए बयान में उन्होंने ऐसी बात कही।
