मानगो पुल से महिला ने स्वर्णरेखा नदी में लगाई छलांग, तलाश जारी
जमशेदपुर :गुरुवार की सुबह लगभग 8 बजे साकची स्थित मानगो छोटा पुल पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक महिला ने पुल से अचानक स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ पुल पर इकट्ठा हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला ने छलांग लगाने से पहले पुल पर ही अपना बुर्का और चप्पल उतार दी थी। महिला का यह व्यवहार देख राहगीरों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया गया।
समाचार लिखे जाने तक महिला की जानकारी नहीं मिल सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके से पुलिस को केवल बुर्का और चप्पल मिले हैं, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला ने आत्महत्या के इरादे से छलांग लगाई है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है, जिसमें मानसिक तनाव, पारिवारिक कलह या अन्य सामाजिक दबाव को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से युवती की जूती और नकाब बरामद की है, जिसे पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है। मानगो थाना के एसआई महेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती मुस्लिम समुदाय से प्रतीत हो रही है, हालांकि उसकी पहचान की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है.
रेस्क्यू अभियान के लिए स्थानीय मछुआरों की सहायता ली जा रही है। इसके अलावा गोताखोरों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो नदी के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान चला रही है. लेकिन नदी का जलस्तर अधिक होने और बहाव तेज रहने के कारण तलाशी में कठिनाई हो रही है। पुलिस आसपास के थानों में युवती की जानकारी साझा कर चुकी है और उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आंशका और चिंता का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती काफी देर तक पुल के किनारे खड़ी थी, लेकिन किसी ने अंदाजा नहीं लगाया कि वह ऐसा कदम उठाएगी।
