आदर्श गृह निर्माण स्वावलंबी सोसाइटी चुनाव में हंगामा, फर्जी मतदान का आरोप
जमशेदपुर : आदर्श गृह निर्माण स्वावलंबी सोसाइटी लिमिटेड सोनारी के चुनाव में रविवार को जमकर हंगामा हुआ। चुनाव प्रक्रिया के दौरान जब कुछ मतदाता मतदान केंद्र के भीतर प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। उसी दौरान टीम परिवर्तन के वालंटियर ने उन्हें भीतर घुसने से रोकने का प्रयास किया। नतीजा यह कि दोनों पक्ष के लोगों हाथापाई होने लगी और हंगामा मच गया। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हंगामा थम गया लेकिन यह सिलसिला बीच-बीच में कुछ मतदाताओं के आने के साथ जारी रहा।
दरअसल बेहद विवादित इस सोसाइटी में पहली बार सुप्रीम कोर्ट के आदेश से जिला प्रशासन सोसाइटी परिसर से बाहर चुनाव करवा रहा है। चुनाव में 11 प्रत्याशी निदेशक के रूप में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनके भाग्य का फैसला 1595 मतदाता करेंगे।
सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। कुल 10 बूथ भारत सेवाश्रम संघ प्रणव वर्ल्ड स्कूल परिसर सोनारी में बनाए गए हैं। अपराह्न 3 बजे तक मतदान का समय है। इसके बाद वहीं मतगणना शुरू हो जाएगी। इस सोसाइटी की शुरुआत करने वाले वाई एन यादव और टीम परिवर्तन के धनंजय डे गुट के बीच इस चुनाव में मुकाबला माना जा रहा है। इस बार का चुनाव इसलिए खास है क्योंकि सहकारिता विभाग के बोर्ड और हाई कोर्ट से होते हुए स्वतंत्र चुनाव की मांग को लेकर धनंजय डे ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अंततः सुप्रीम कोर्ट ने धनंजय डे की याचिका को निष्पादित करते हुए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव का आदेश पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को दिया।
चुनाव में सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और अधिकारी लगाए गए हैं। एडीसी के नेतृत्व में करीब दर्जन भर अधिकारी और उससे अधिक मजिस्ट्रेट इस चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न करने के लिए डटे हुए हैं।
चुनाव का नतीजा जो भी निकले लेकिन शहर की अन्य सोसाइटी से जुड़े लोगों में काफी उत्सुकता है।
