रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को इंडियन पुलिस आफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन के तीन दिवसीय दीपावली मेला का उद्घाटन किया। जैप-1 डोरंडा में आयोजित इस रंगारंग आयोजन में राज्य के पुलिस अधिकारी, उनके परिजन और स्थानीय लोग शामिल हुए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इप्सोवा कोई नया नाम नहीं है, बल्कि यह संस्था सालों से गरीब और जरूरतमंदों की सहायता करने में अग्रणी रहा है। यह संस्था पुलिस अधिकारियों के परिवारों द्वारा संचालित है, जो न सिर्फ पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं बल्कि राज्य सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश कर रहे हैं।
आज जरूरत इस बात की है कि हम हर जरूरतमंद को अपने साथ खड़ा करें। इसके लिए हम सभी को प्रयास करना होगा, यही सच्ची दीपावली है। मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी विधायक कल्पना सोरेन, पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, एडीजी प्रिया दुबे, इप्सोवा की अध्यक्ष शिखा गुप्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
