रांची – रांची के बेड़ों इलाके में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बिरसा उरांव के रूप में हुई है, जो गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।
जानकारी के अनुसार बिरसा उरांव का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर प्रेमी-प्रेमिका के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद युवक आक्रोशित होकर एक टावर पर चढ़ गया।
स्थानीय लोगों ने काफी देर तक उसे समझाने और नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास किया, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। इसी दौरान युवक ने टावर से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

