NEW DELHI नई दिल्ली के पूर्वी इलाके विवेक विहार में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, विवेक विहार फेज-1 स्थित इमारत में आग लगने की सूचना सुबह करीब 3:48 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैटों में फैली थी। राहत और बचाव कार्य के दौरान करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोग मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया।
दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने के लिए 12 गाड़ियों को मौके पर तैनात किया। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमों ने मिलकर बचाव और निकासी कार्य में सहयोग किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
इस हादसे में जान गंवाने वालों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल हैं, जिनमें डेढ़ साल का मासूम भी है। पुलिस के मुताबिक सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है।
इन लोगों की हुई मौत :
शिखा जैन, पत्नी – नवीन; उम्र – 45 वर्ष, अरविंद, पिता – छोटे लाल, निवासी – B-13, विवेक विहार; उम्र – 60 वर्ष, अनीता जैन, पत्नी – अरविंद जैन; उम्र – 58 वर्ष, निशांत जैन, पिता – अरविंद जैन; उम्र – 35 वर्ष, आँचल जैन, पत्नी – निशांत जैन; उम्र – 33 वर्ष, मास्टर आकाश जैन, पिता – निशांत जैन; उम्र – 1.5 वर्ष, नितिन जैन; उम्र – लगभग 50 वर्ष, शैले जैन; उम्र – लगभग 48 वर्ष, सम्यक जैन; उम्र – लगभग 25 वर्ष, घायल: नवीन जैन; उम्र – 48 वर्ष।
