जमशेदपुर : दो दिन पूर्व डिमना लेकर से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था और आज रविवार को एक महिला का शव बरामद किया गया। बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना लेक से रविवार शाम करीब साढ़े 4 बजे महिला का शव बरामद होने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर छानबीन की।

महिला के पास मिले पर्स से आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और कुछ नकदी बरामद हुई, जिसके आधार पर उसकी पहचान सोनारी कुम्हारपाड़ा निवासी संजू साहू के रूप में की गई।
सूचना मिलने पर परिजन देर शाम एमजीएम अस्पताल पहुंचे, जहां मृतका के पति देवानंद साहू ने शव की पुष्टि की। परिजनों के अनुसार, संजू रविवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।
मृतका अपने पीछे दो पुत्र (लगभग 20 और 19 वर्ष) छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि महिला घर पर अपना मोबाइल फोन और स्कूटी छोड़कर निकली थी।
बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सोमवार को मृतका के पति व अन्य परिजनों को पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया है। देवानंद साहू पेशे से टेम्पो चालक हैं।
घटना स्थल डिमना लेक के पिकनिक स्पॉट के समीप होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई थी, जिससे काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गौरतलब है कि इससे पूर्व पिछले गुरुवार को भी डिमना लेक से बरामद अज्ञात युवक के शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने उसकी पहचान के लिए पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के विभिन्न थानों में तस्वीर भेजी है। लगातार मिल रहे शवों की घटनाओं से डिमना लेक को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
