रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस चतरा में दुर्घटनाग्रस्त, सात लोगों की मौत
रांची। झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एक एयर एंबुलेंस सोमवार रात चतरा जिले में क्रैश हो गई। इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मरीज, उनके परिजन तथा मेडिकल टीम के सदस्य शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार लातेहार जिले के चंदवा निवासी संजय कुमार, जो आग से गंभीर रूप से झुलसे थे, उन्हें बेहतर इलाज के लिए शाम 7:11 बजे रांची स्थित देवकमल अस्पताल से दिल्ली रेफर किया गया था। रेड बर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड की बीचक्राफ्ट सी-90 एयर एंबुलेंस से उन्हें ले जाया जा रहा था।

विमान में मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी, परिजन ध्रुव कुमार के अलावा कैप्टन विवेक विकास भगत, कैप्टन स्वराज दीप सिंह, डॉ. विकास कुमार गुप्ता और पारा मेडिकल स्टाफ सचिन कुमार गुप्ता सवार थे।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि शाम 7:34 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से विमान का संपर्क अचानक टूट गया। संपर्क टूटते ही हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।
इसी दौरान चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाटांड़ गांव के पास जंगल में विमान का मलबा देखे जाने की सूचना स्थानीय लोगों ने प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही जिला पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार मेडिकल फ्लाइट ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत उड़ान भरी थी और अगले स्टेशन को कंट्रोल सौंपे जाने के बाद संपर्क टूट गया। घटना की सूचना राज्य सरकार को दे दी गई है और सभी आवश्यक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन किया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
