गौड़ सेवा संघ का 35वां संकल्प दिवस : पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने समाज को नशापान व अन्य कुरीतियों से दूर रहने की अपील की
सरायकेला : जिले के आदित्यपुर आसंगी मैदान में शुक्रवार को गौड़ सेवा संघ का 35वां संकल्प दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपई सोरेन शामिल हुए. विशिष्ट अतिथियों में मारकंडो महाकुड़, अयोध्या बेहरा, मायाधर बेहरा, गोविंद गौड एवं रंजीत प्रधान उपस्थित रहे. समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया. कार्यक्रम के उपरांत पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने महिलाओं के बीच साड़ी वितरण किया तथा बुजुर्गों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया.
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गौड सेवा संघ द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित यह कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करता है और सामाजिक एकता को मजबूत करता है.
उन्होंने समाज को नशापान एवं अन्य कुरीतियों से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि गलत प्रवृत्तियां आने वाली पीढ़ियों के लिए नकारात्मक संदेश छोड़ती हैं. पूर्व मुख्यमंत्री ने समाज में बढ़ रही जुआ खेलने की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर टुसू मेले के नाम पर जुआ और मुर्गा पाड़ा जैसे आयोजन समाज के लिए घातक हैं और इस पर गंभीर चर्चा एवं रोक आवश्यक है. उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने उड़िया भाषा के संरक्षण और संवर्धन पर विचार किया था, क्योंकि क्षेत्र में उड़िया भाषी समाज की संख्या अधिक है. आने वाले दिनों में उड़िया समाज के विकास और भाषा संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे. इस अवसर पर समाज के केंद्र अध्यक्ष नेबु प्रधान, कमल देव प्रधान, शिरीश बेहरा, केंद्र महासचिव हेम सानर प्रधान सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे.
