बोकारो: झारखंड के बोकारो स्टील प्लांट में रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। स्टील मेल्टिंग शॉप-2 (एसएमएस-2) में अचानक लगी आग की चपेट में आने से चार कामगार गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों की पहचान रंजीत महथा, ब्रजेश महथा, ओमप्रकाश महली और प्रवीण कुमार के रूप में की गई है। जानकार सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद सभी घायलों को पहले प्लांट मेडिकल यूनिट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बोकारो जनरल हॉस्पिटल (बीजीएच) रेफर कर दिया गया।
झुलसे कामगारों की हालत गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब क्रेन से हॉट मेटल से भरे लेडल को उठाया जा रहा था। अचानक क्रेन का रोप टूट गया और हॉट मेटल छलककर नीचे गिर पड़ा। इससे तेज लपटें उठीं और पास में काम कर रहे चार मजदूर उसकी चपेट में आ गए। बीजीएच सूत्रों ने बताया कि रंजीत महथा 90 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं। ब्रजेश महथा और ओमप्रकाश महली करीब 60 प्रतिशत तक झुलसे हैं, जबकि प्रवीण कुमार 45 प्रतिशत तक झुलसे हैं। सभी को आईसीयू में भर्ती किया गया है और चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। घटना की जानकारी पाकर मजदूरों के परिजन मौके पर पहुंचे।
मालूम हो कि तीन माह पहले भी प्लांट में आग लगी थी।
