दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न

पटमदा : दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर गुरुवार को पटमदा थाना प्रांगण में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि नीलिमा डुंगडुंग ने की, जिसमें थाना क्षेत्र की सभी 9 दुर्गा पूजा समितियों से जुड़े पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में बीडीओ डुंगडुंग ने पूजा समितियों से युवाओं को संगठन में शामिल कर जिम्मेदारी सौंपने की अपील की ताकि आयोजन सुचारू और अनुशासित रूप से सम्पन्न हो। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले मैसेज से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध सूचना की सत्यता की पुष्टि के बाद ही साझा करने की सलाह दी।
रैश ड्राइविंग पर होगी कानूनी कार्रवाई
थाना प्रभारी करमपाल भगत ने चेतावनी दी कि दुर्गा पूजा के दौरान तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने वाले युवकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूजा के आसपास के क्षेत्रों में गुटखा और तम्बाकू उत्पादों की बिक्री पर भी निगरानी रखी जाएगी और नियमों के उल्लंघन पर दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
