जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु चौक के समीप सोमवार सुबह नई शराब दुकान खोले जाने के खिलाफ स्थानीय लोग सड़क पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महिला कॉलेज महज 500 मीटर की दूरी पर है, जहां बड़ी संख्या में छात्राएं पढ़ने आती हैं। ऐसे में शराब दुकान खुलने से युवाओं का जमावड़ा लगेगा और महिलाओं के लिए असुरक्षा तथा असुविधा का माहौल बनेगा। लोगों ने आरोप लगाया कि सरकार और स्थानीय प्रशासन इस तथ्य से वाकिफ होने के बावजूद शराब दुकान खोली जा रही है। उनका कहना था कि राजस्व बढ़ाने के चक्कर में सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज के ताने-बाने को नुकसान पहुंचा रही है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शराब दुकान तुरंत नहीं हटाई गई तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
