बालिगुमा के लोगों ने लिया शराबबंदी का फैसला, उपायुक्त को सौंपा गया ज्ञापन
जमशेदपुर : बालिगुमा ग्रामसभा ने लिया शराबबंदी का ऐतिहासिक फैसला। मंगलवार को बालिगुमा के लोगों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग। ग्रामवासियों ने विश्वास जताया कि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से गाँव में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सुधार सुनिश्चित हो सकेगा।
उपायुक्त कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि 29 जून 2025 को बालिगुमा (डाहेर टोला, धोरा बस्ती) में आयोजित ग्रामसभा में सर्वसम्मति से पूर्ण शराबबंदी लागू करने का निर्णय लिया गया था। ग्रामसभा की अध्यक्षता श्री रंजीत धोरा ने की, जिसमें ग्रामीणों ने एकजुट होकर शराब के दुष्प्रभावों पर चिंता जताई और गाँव की शांति और सामाजिक सुधार हेतु ठोस कदम उठाने का संकल्प लिया।
ग्रामवासियों ने बताया कि गाँव में पहले सात महुआ शराब की दुकानें चल रही थीं, जिनमें से चार विक्रेताओं ने ग्रामसभा के फैसले का सम्मान करते हुए दुकानें बंद कर दी हैं। तीन दुकानदार अब भी अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहे हैं, जिससे गाँव का वातावरण प्रभावित हो रहा है।
इसी को लेकर ग्रामसभा के प्रतिनिधियों ने सोमवार को को उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है।
