झारखंड के चाईबासा में महिला कांग्रेस नेता पर दिन दहाड़े जानलेवा हमला, हालत गंभीर
अपराधी धारदार हथियार के साथ रिवाल्वर से लैस थे। उन्होंने रिवाल्वर सटाकर पहले रेशमा खातून को कब्जे में लिया और फिर धारदार हथियार से दनादन हमला शुरू कर दिया। उनके सिर में गंभीर चोट लगी है और हाथ की उंगली कट गई है।
चाईबासा : झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के मुख्यालय चाईबासा के बड़ा बाजार मोहल्ले में कांग्रेस नेता रेशमा खातून पर बुधवार को तीन अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े जानलेवा हमला किया। उनकी हालत गंभीर है।
बताया जा रहा है कि अपराधी धारदार हथियार के साथ रिवाल्वर से लैस थे। उन्होंने रिवाल्वर सटाकर पहले रेशमा खातून को कब्जे में लिया और फिर धारदार हथियार से दनादन हमला शुरू कर दिया। उनके सिर में गंभीर चोट लगी है और हाथ की उंगली कट गई है। घटना दिन के करीब ढाई बजे की बताई जा रही है।
हमले के समय वे अपने घर से कुछ दूर थीं। दोपहर का समय होने के कारण घटनास्थल के पास सन्नाटा था। इसी का फायदा उठाते हुए अपराधियों ने घटना को अंजाम दे दिया।
संयोग ऐसा रहा कि पड़ोस की महिला ने हमला होते देख लिया और उसने हंगामा मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद अपराधी भाग निकले, तब तक कई लोग वहां जुट गए। घायल हालत में रेशमा खातून को सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलने के बाद चाईबासा के एसडीपीओ दिलीप खलखो, सदर थाना प्रभारी निरंजन तिवारी और मुफस्सिल थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि अज्ञात अपराधियों द्वारा धारदार हथियार से हमला करने की बात बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले का अनुसंधान कर रही है।
