सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के भगवती ज्वेलर्स में मंगलवार दोपहर खरीदारी के बहाने पहुंचे दो युवकों की चोरी की कोशिश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकानदार की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात विफल हो गई तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और कान की सोने की बाली दिखाने को कहा। इसी दौरान मौका पाकर उनमें से एक युवक ने एक जोड़ी सोने की बाली चुपके से अपनी जेब में रख ली।
उसे लगा कि उसकी यह हरकत किसी की नजर में नहीं आई, लेकिन दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो चुकी थी।
दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद दोनों युवकों को बाहर जाने से रोक लिया। तलाशी लेने पर एक आरोपी की जेब से चोरी की गई सोने की बाली बरामद हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पकड़कर सरायकेला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के खड़गपुर निवासी शेख सहयाद्रील और बाबू अली के रूप में की है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी कोई भूमिका रही है या नहीं।
दुकानदार की सतर्कता, सीसीटीवी निगरानी और सरायकेला पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण चोरी की यह वारदात नाकाम हो गई। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कदम नहीं उठाया जाता तो आरोपी आसानी से फरार हो सकते थे।
पुलिस ने व्यापारियों और आम लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और कहीं भी गड़बड़ी की आशंका भी हो तत्काल संबंधित थाना पुलिस को सूचित करें।
