विशेष प्रशिक्षण में मौजूद लोगों ने हृदय के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का लिया संकल्प
जमशेदपुर : मणिपाल हॉस्पिटल्स टाटानगरिया द्वारा बुधवार को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) और हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हृदय रोगों के बढ़ते मामलों, समय पर उपचार की आवश्यकता और आपात स्थिति में सीपीआर की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर सीनियर कंसल्टेंट कार्डियोथोरेसिक सर्जरी डॉ. कौशिक मुखर्जी तथा सीनियर कंसल्टेंट कार्डियोलॉजी डॉ. सुमंत चटर्जी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए बताया कि कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं।
उन्होंने कहा कि सही समय पर और सही तरीके से दिया गया सीपीआर मरीज की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में सफल उपचार प्राप्त कर चुके कई मरीजों ने अपने अनुभव साझा किए और समय पर चिकित्सा सहायता के महत्व को रेखांकित किया। इसके बाद प्रतिभागियों को सीपीआर और बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में वे प्रभावी सहायता प्रदान कर सकें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, स्वास्थ्यकर्मी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
