July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

JAMSHEDPUR : रुक-रुक कर होने लगी बारिश और जेएनएसी प्रशासन बेपरवाह, चरमराई जनसुविधाएं

JAMSHEDPUR : रुक-रुक कर होने लगी बारिश और जेएनएसी प्रशासन बेपरवाह, चरमराई जनसुविधाएं

जमशेदपुर पश्चिम विधायक के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर : रुक-रुक कर होने लगी बारिश और जेएनएसी प्रशासन बेपरवाह। तमाम जनसुविधाएं चरमराई। शहर में कचरा उठाव, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति पर जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के क्रियान्वयन में गंभीर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि डोर-टू-डोर कचरा उठाव व्यवस्था कई क्षेत्रों में पूरी तरह प्रभावित है। नियमित कचरा संग्रहण नहीं होने तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था के अभाव में नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कई इलाकों में गंदगी का अंबार लग रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ रहे हैं।

इसके अलावा शहर की खराब स्ट्रीट लाइटों और हाईमास्ट लाइटों की लंबे समय से मरम्मत नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि जिन विकास योजनाओं की निविदाएं पिछले वर्ष कई बार रद्द होने के बाद जारी की गई थीं, उन कार्यों की शुरुआत अब तक नहीं हो सकी है, जिससे नागरिकों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत में हो रही देरी, सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि विधायक निधि से कचरा उठाव कार्य के लिए छह ई-रिक्शा उपलब्ध कराए जाने के बावजूद कचरा संग्रहण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित नहीं हो रही है।

ज्ञापन में यह सवाल भी उठाया गया कि जेएनएसी द्वारा लगभग दो माह पूर्व साफ-सफाई व्यवस्था के लिए निकाली गई निविदा को रद्द कर दिया गया, लेकिन अब तक दोबारा निविदा क्यों नहीं निकाली गई।

प्रतिनिधिमंडल ने जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के समयबद्ध समाधान में विफलता तथा शिकायत निवारण प्रणाली की निष्क्रियता का भी मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

प्रतिनिधिमंडल में चुन्नू भूमिज, उषा यादव, भीम सिंह, नीरज सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, विवेक पांडेय, राघवेंद्र प्रताप सिंह, मनोज सिंह, कुँवर अतुल सिंह, रणजीत कुमार, तारक मुखर्जी, विनोद सिंह, ललित सिंह और बुद्धेश्वर कर्मकार सहित कई लोग शामिल थे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading