पोटका : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में हाता-तिरिंग राष्ट्रीय उच्च पथ-220 की जर्जर हालत को लेकर रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने हल्दीपोखर में विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और लगातार हो रही दुर्घटनाओं के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाली और हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों का समर्थन जुटाया।
झामुमो के वरिष्ठ नेता बबलू चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह अंतरराज्यीय सड़क केंद्र सरकार के अधीन है, लेकिन एनएचएआई विभाग सड़क निर्माण को लेकर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। विभागीय अधिकारी केवल बैठकों तक सीमित हैं, जबकि सड़क की खराब स्थिति से आम लोग रोज हादसों का शिकार हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि झामुमो के पूर्व आंदोलन के बाद रसूनचोपा से पालीडीह तक सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन घटिया निर्माण के कारण कुछ ही समय में सड़क फिर गड्ढों में तब्दील हो गई।
झामुमो नेताओं ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर विधायक संजीव सरदार और एनएचएआई विभाग को जल्द मांगपत्र सौंपा जाएगा। यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो संगठन फिर से बड़ा आंदोलन करेगा।
प्रदर्शन में पूर्व मुखिया सुबोध सरदार, जिकरूल होदा, ग्राम प्रधान मो. असलम, देव पालित, हिमांशु सरदार, जमाल खान, रिज्जू, अबुल हयात, रोहित राम, अपूर्व गुहा, सागर सरदार, प्रकाश सरदार, शुभम पालित, बुधुराम सरदार समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
