चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला चांडिल रेंज के कुकड़ू गांव का है, जहां हाथी के हमले में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुनी राम गोराई के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है।
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास एक शव देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और वन विभाग व पुलिस को खबर दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार मुनी राम गोराई रविवार शाम ब्लॉक परिसर की ओर गए थे, जहां अक्सर ग्रामीण एकत्रित होते हैं। देर शाम जब वह घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में जंगली हाथियों से उनका सामना हो गया। हाथियों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव के आसपास दो हाथी लगातार घूम रहे हैं, जिससे दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग शाम के बाद घर से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं।
वन विभाग ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही अकेले जंगल या हाथियों के प्रभावित क्षेत्र में न जाने की सलाह दी गई है।
लगातार हो रहे हाथी हमलों से चांडिल और आसपास के गांवों में डर का माहौल गहरा गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
