जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में सक्रिय ब्राउन शुगर के संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। मामले में बर्मामाइंस थाना कांड संख्या 26/26, दिनांक 10 मई 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, 9 मई की शाम करीब सात बजे वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गांधी नगर बस्ती निवासी संतोष सिंह कपाली क्षेत्र से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लाकर अपने घर में छिपाकर रखा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संतोष सिंह के घर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने वहां से 124 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की। मौके से संतोष सिंह और उसकी दूसरी पत्नी आयशा खातून उर्फ बिल्लो को गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई करते हुए गोविंदपुर से गौरव कुमार उर्फ अमर के पास से 20 पुड़िया, अमित कुमार के पास से 19 पुड़िया तथा मानगो निवासी मुख्य पेडलर संजय गोस्वामी उर्फ संजय बंगाली के पास से 12 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कुल 175 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त की है, जिसका कुल वजन 26.84 ग्राम बताया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार सभी आरोपी एक बड़े अंतरजिला ड्रग सिंडिकेट से जुड़े हुए हैं। इसी सप्ताह सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र से करीब 16.50 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद हुई थी और उसके तार भी इसी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कई आरोपी पूर्व में भी ब्राउन शुगर तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने संगठित तरीके से दोबारा नशे का कारोबार शुरू कर दिया था। पुलिस की इस कार्रवाई से जमशेदपुर और आसपास के कई थाना क्षेत्रों में सक्रिय ब्राउन शुगर नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
