नई दिल्ली : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ने फर्जी और निष्क्रिय अकाउंट्स के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए लाखों अकाउंट्स को हटाया है। इस कार्रवाई के बाद कई बड़े सेलिब्रिटी, इन्फ्लुएंसर और ब्रांड्स के फॉलोअर्स की संख्या में भारी गिरावट देखने को मिली है।जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम ने ऐसे अकाउंट्स को हटाया जो लंबे समय से सक्रिय नहीं थे या फिर बॉट्स और ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए बनाए गए थे। कंपनी का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य प्लेटफॉर्म पर वास्तविक और भरोसेमंद एंगेजमेंट को बढ़ावा देना है।इस अभियान का सबसे ज्यादा असर अमेरिकी इन्फ्लुएंसर और बिजनेसवुमन Kylie Jenner पर पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके अकाउंट से करीब 14 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स कम हो गए। इसके अलावा कई अन्य बड़े क्रिएटर्स और पब्लिक फिगर्स के फॉलोअर्स में भी अचानक गिरावट दर्ज की गई।मेटा के प्रवक्ता ने बताया कि इंस्टाग्राम समय-समय पर ऐसे अकाउंट्स की पहचान कर उन्हें हटाता रहता है, जो संदिग्ध या निष्क्रिय होते हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से सामान्य और सक्रिय यूजर्स पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यदि किसी वेरिफाइड अकाउंट पर गलती से कार्रवाई हुई है, तो उसकी समीक्षा के बाद अकाउंट और फॉलोअर्स को बहाल किया जा सकता है।इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स ने इंस्टाग्राम के इस कदम का समर्थन किया है, जबकि कुछ लोग अचानक कम हुए फॉलोअर्स को लेकर हैरानी जता रहे हैं।
