new driving licence rule : सरकार ने बदला नियम, एक वर्ष में पांच गलतियों पर सस्पेंड हो सकता है डीएल
नई दिल्ली : आम आदमी लोगों के लिए जैसे रोटी, कपड़ा और मकान जरूरी है, वैसे ही युवाओं के लिए अब ड्राइविंग लाइसेंस या डीएल (DL) भी जरूरी हो गया है। दूसरे शब्दों में कहें तो गाड़ी चलाने के लिए अनिवार्य है। जेन जी कार या बड़ी गाड़ी नहीं ले सकते तो स्कूटी या मेटरसाइकिल तो ले ही लेते हैं। इसे चलाने के लिए डीएल जरूरी है। आपके पास भी डीएल है तो यह खबर पढ़ लीजिए। नहीं तो आपका लाइसेंस कैंसिल हो सकता है।
एक वर्ष में 5 गलतियों पर में 5 गलती पड़ेगा भारी
केंद्र सरकार के सड़क परिवहन मंत्रालय ने मोटर वाहन नियमों में एक ताज़ा संशोधन किया है। इसका मकसद बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले ड्राइवरों पर लगाम कसना है। इसमें प्रावधान है कि अगर आप साल में 5 या उससे ज़्यादा बार ट्रैफिक नियम तोड़ते पकड़े गए, तो आपका ड्राइविंग लाइसेंस (DL) सस्पेंड हो सकता है। डीएल सस्पेंड होने का मतलब है कि आप स3 महीने के लिए आपको गाड़ी चलाने से रोका जा सकता है। लाइसेंस सस्पेंड करने का फैसला लाइसेंसिंग अथॉरिटी, जैसे कि रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (RTO) या डिस्ट्रिक्ट ट्रांसपोर्ट ऑफिस (DTO), लेगी। अब गाड़ी चलाना सीखना और भी ज़रूरी हो गया है।
यह है नया नियम
केंद्र सरकार ने बीते बुधवार को इस बारे में एक अधिसूचना जारी की है। इसमें कहा गया है कि यह नियम 1 जनवरी से लागू हो गया है। इसके तहत, अगर कोई ड्राइवर एक साल में 5 या उससे ज़्यादा बार मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) या उसके नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसका DL सस्पेंड किया जा सकता है। इसमें यह भी स्पष्ट किया गया है कि पिछले एक वर्ष के दौरान हुए अपराधों को अगले साल के अपराधों की गिनती में नहीं जोड़ा जाएगा। यानी, हर वर्ष की गिनती नए सिरे से होगी।
अब तक क्या था
इससे पहले, ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े नियमों में 24 ऐसी बातें थीं जिनके आधार पर लाइसेंसिंग अथॉरिटी DL सस्पेंड कर सकती थी। इनमें गाड़ी चोरी करना, यात्रियों के साथ मारपीट करना, यात्रियों का अपहरण करना, तय स्पीड लिमिट से ज़्यादा तेज़ गाड़ी चलाना, ओवरलोडिंग करना और सार्वजनिक जगह पर गाड़ी छोड़ देना शामिल था। इन नियमों को इसलिए बनाया गया था क्योंकि ये “जनता के लिए परेशानी या खतरा पैदा करते हैं”। अब, नए नियम के तहत, 5 या उससे ज़्यादा बार ट्रैफिक नियम तोड़ने पर, जैसे कि हेलमेट न पहनना, सीट बेल्ट न लगाना और रेड लाइट जंप करना, भी DL सस्पेंड हो सकता है।
विशेषज्ञों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
केंद्र सरकार के इस नए नियम पर सड़क यातायात कानूनों के विशेषज्ञों की मिली-जुली प्रतिक्रिया आई है। दिल्ली के पूर्व उप परिवहन आयुक्त अनिल छिकारा का कहना है कि 5 बार नियम तोड़ने के बाद DL सस्पेंड करना “सही दिशा में एक कदम” है। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि “समस्या यह है कि खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने वालों को ट्रैफिक पुलिस पकड़ ही नहीं पाती है।” उन्होंने आगे कहा कि एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) की कमी के कारण, CCTV कैमरों से पकड़े गए ट्रैफिक उल्लंघनों को अक्सर अदालतों में चुनौती दी जाती है। इसलिए, एक SOP और निपटान दिशा निर्देशों की ज़रूरत है।
कठोर कदम
पुलिस, परिवहन और न्यायिक अधिकारियों को मोटर वाहनों से संबंधित कानूनों के बारे में पढ़ाने वाले रमेश कुमार ने इस संशोधन को “कठोर और वैचारिक रूप से त्रुटिपूर्ण” बताया है। उन्होंने कहा, “निलंबन एक द्वितीय-श्रेणी का प्रवर्तन उपकरण है, जिसका उद्देश्य निष्पक्ष, सुसंगत और विश्वसनीय प्राथमिक प्रवर्तन के बाद इस्तेमाल किया जाना है। एक ऐसी प्रणाली में जहां राज्यों में प्रवर्तन असमान रहता है, अक्सर राजस्व-संचालित होता है, और उचित प्रक्रिया पर कमजोर होता है, ऐसा प्रावधान अनिवार्य रूप से प्रवर्तन कर्मियों द्वारा विवेकाधीन दुरुपयोग को आमंत्रित करेगा।” उन्होंने आगे कहा, “सड़क सुरक्षा में सुधार करने के बजाय, यह ड्राइवरों को छोटे, बार-बार होने वाले उल्लंघनों के लिए दंडित करने का जोखिम उठाता है, जबकि उल्लंघनों के गहरे संरचनात्मक कारणों – खराब यातायात इंजीनियरिंग, अपर्याप्त साइनेज, भ्रमित करने वाले सड़क लेआउट, और गंभीर अपराधों के लिए समान निवारण की अनुपस्थिति – को नजरअंदाज करता है।”
चालान का भुगतान करने या उसे चुनौती देने के लिए 45 दिन का समय मिलेगा
राजमार्ग मंत्रालय की अधिसूचना में ट्रैफिक चालान जारी करने, प्रबंधित करने और भुगतान करने की प्रक्रियाओं का भी उल्लेख किया गया है। इसमें कहा गया है कि वर्दीधारी कोई भी पुलिस अधिकारी या राज्य सरकार द्वारा अधिकृत कोई अन्य अधिकारी, चालान जारी करेगा, चाहे वह फिजिकल हो या इलेक्ट्रॉनिक। ई-चालान ऑटो-जनरेट भी हो सकते हैं। उल्लंघन करने वाले को चालान का भुगतान करने या उसे चुनौती देने के लिए 45 दिन का समय मिलेगा। अगर 45 दिनों के भीतर चालान को चुनौती नहीं दी जाती है, तो इसे अपराधी द्वारा स्वीकार किया हुआ माना जाएगा। ऐसे में, उन्हें अगले 30 दिनों के भीतर जुर्माना भरना होगा। यदि चालान को चुनौती दी जाती है, तो संबंधित अथॉरिटी को इसे 30 दिनों के भीतर हल करना होगा। यदि इस समय-सीमा का पालन नहीं किया जाता है, तो चालान रद्द कर दिया जाएगा।
