जमशेदपुर : शहर में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने और रात्रि गश्त की स्थिति का जायजा लेने शनिवार देर रात जिले के एसएसपी पीयूष पांडेय ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की लापरवाही पकड़ी गई। एसएसपी ने तत्काल कड़ी कार्रवाई करते हुए सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर लाइन क्लोज कर दिया.
निरीक्षण के दौरान मरीन ड्राइव पर तैनात पीसीआर-11 में पदस्थापित एएसआइ रौशन गुड़िया, हवलदार नंदलाल मुंडा और चालक हरेंद्र कुमार वाहन खड़ा कर गहरी नींद में मिले. इसी तरह स्टेशन चौक पर पीसीआर-9 में तैनात एएसआइ संजय इंदुवार भी ड्यूटी के दौरान सोते मिले. इसके अलावा जुगसलाई थाना क्षेत्र के गश्ती वाहन में तैनात दारोगा तिर्की और हवलदार कृष्णा रजक भी ड्यूटी पर सोते मिले.
ड्यूटी में घोर लापरवाही पर एक्शन में नजर आए एसएसपी पीयूष पांडेय। उन्होंने होमगार्ड चालक हरेंद्र कुमार को भी विभाग से क्लोज कर दिया गया है. एसएसपी की इस सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में शहर में रात्रि अपराध का ग्राफ बढ़ा है. टेल्को थाना क्षेत्र में हाल ही में हत्या की दो घटनाएं सामने आई हैं। इसी तरह विभिन्न इलाकों में चोरी और छिनतई की वारदातें हुई हैं। ऐसे में पुलिस की रात्रि गश्त शहर की सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम मानी जाती है.
