झारखंड मे 9 अक्टूबर को आदिवासी बचाओ जन आक्रोश रैली , उमड़ेगा जनसैलाब
पारंपरिक परिधान और हथियारों के साथ होगा शक्ति प्रदर्शन”
जमशेदपुर: आदिवासी अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से 9 अक्टूबर को झारखंड के जमशेदपुर में प्रस्तावित ‘आदिवासी बचाओ जन आक्रोश महा रैली’ में मुंडा समाज के हजारों महिला-पुरुष पारंपरिक वेशभूषा और हथियारों के साथ भाग लेंगे।
यह निर्णय आज आदिवासी मुंडा समाज केंद्रीय समिति की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता समिति के कार्यकारी अध्यक्ष नंदलाल पातर ने की।
बैठक का आयोजन सीतारामडेरा स्थित आदिवासी मुंडा समाज सामुदायिक भवन में किया गया, जिसमें समिति की सभी 14 शाखाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
सर्वसम्मति से तय किया गया कि मुंडा समाज के सदस्य सुबह 11 बजे आम बगान मैदान, साकची में एकत्रित होंगे और इसके पश्चात रैली में भाग लेंगे।
समिति द्वारा विभिन्न क्षेत्रों से एकत्र होने की रणनीति भी तय की गई।
बारीडीह, बागून नगर, बिरसानगर, टेल्को, सिदगोड़ा और सीतारामडेरा के सदस्य सुबह 9 बजे एग्रिको चौक में एकत्र होंगे, जहाँ से वे सामूहिक रूप से आम बगान मैदान की ओर कूच करेंगे।
वहीं सोनारी, कदमा, मानगो, आदित्यपुर, पोटका, सोपोडेरा, परसुडीह, बारीगोड़ा, राहरगोड़ा और सारजमदा के सदस्य सीधे आम बगान मैदान पहुँचेंगे।
रैली में पारंपरिक सांस्कृतिक पहचान और एकजुटता के प्रदर्शन पर विशेष बल दिया गया है।
उपस्थित प्रतिनिधियों ने कहा कि यह रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आदिवासी अधिकारों की हुंकार होगी।
बैठक में मुख्य रूप से काजू सांडील, अर्जुन सांडील, मंगल सिंह मुंडा, राम सिंह मुंडा, लखन सांडील, सोना नाग, पूजा नाग, समीर मुंडा, महेश नाग, संतोष सामंत, पार्वती मुंडा, मधुकर सामंत और आदित्य मुंडा सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे।
कार्यकारी अध्यक्ष नंदलाल पातर ने अपील की कि मुंडा समाज के सभी लोग रैली में पूरी गरिमा, अनुशासन और एकजुटता के साथ शामिल हों और अपने अस्तित्व की आवाज बुलंद करें।
