सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल की समस्या को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी निवेदिता नियति की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक हुई। बैठक में नगर पंचायत के प्रशासक शशि शेखर सुमन, पीएचडी के कार्यपालक अभियंता और विधायक प्रतिनिधि सनद कुमार आचार्य उर्फ टुलू शामिल हुए। बैठक के दौरान एसडीओ ने पीएचडी के कार्यपालक अभियंता और नगर पंचायत के प्रशासक को स्पष्ट निर्देश दिया कि नगर क्षेत्र के जिन भागों में जलापूर्ति की समस्या है, उनका सर्वे कर त्वरित समाधान किया जाए। विधायक प्रतिनिधि सनद कुमार आचार्य ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समस्या कोई नई बात नहीं है. कई बार यहां के लोगों ने उपायुक्त और संबंधित अधिकारियों को आवेदन दिए लेकिन समस्या का ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने बताया कि गोपबंधु चौक से थाना चौक तक की पेयजल समस्या से विधायक चंपाई सोरेन को अवगत कराया गया था। इसके बाद गुरुवार को विधायक ने उपायुक्त को पत्र भेजकर अविलंब समाधान का निर्देश दिया। उपायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर एक सप्ताह के अंदर प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर समस्या का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।
