कांड्रा पुलिस ने ईंट मशीन चोरी का खुलासा किया, 5 गिरफ्तार
जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिला के कांड्रा थाना पुलिस ने बीते 15 सितंबर को क्षेत्र के गोपीनाथपुर स्थित ईंट फैक्ट्री से ईंट बनाने की मशीन चोरी मामले का खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों का नाम सोनू पात्रो, रोहित कुमार साव, कार्तिक साहू और मितंजन स्वर्णकार उर्फ मिल्टन बताया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद महतो ने बताया, कि राजेश मंडल पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड है। उसने ही अपने चार सहयोगियों के साथ मिलकर उक्त घटना को अंजाम दिया था।

उन्होंने बताया कि घटना में प्रयुक्त छोटी गाड़ी संख्या JH05 BZ- 4183, चुरायी गयी मशीन और अभियुक्तों के 4 मोबाइल सेट बरामद किये गये हैं।
उल्लेखनीय है कि बीते 15 सितंबर को दिन के करीब 2:50 बजे गोपीनाथपुर स्थित ईट फैक्ट्री में चार-पांच अज्ञात अपराधियों ने दबिश देकर ईट बनाने वाले मशीन की चोरी कर ली थी।
इसकी शिकायत फैक्ट्री मालिक गोपाल कृष्ण मालवीय ने थाने में दी थी।
इसके बाद एक टीम गठित कर कथित पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है।
