सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल के कपाली ओपी अंतर्गत इस्लामनगर वार्ड नंबर 5 में मंगलवार देर रात फायरिंग की अफवाह फैलने के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई।
कलीम स्टोर के पास अचानक यह अफवाह फैली कि कुछ युवकों ने हथियार लहराते हुए फायरिंग की है। सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
स्थानीय लोगों के अनुसार विवाद की शुरुआत तब हुई जब मोहल्ले के एक घर में अकेली लड़की के पास एक युवक पहुंचा और घर में प्रवेश करने की कोशिश की। पड़ोसियों ने युवक को बाहर निकाल दिया।
इसके बाद युवक ने अपने दोस्तों को कॉल कर दिया। थोड़ी ही देर में कई युवक वहां पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उनमें से कुछ हथियार दिखाकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच भीड़ में फायरिंग होने की अफवाह फैल गई जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके का निरीक्षण किया। आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच की और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अब तक किसी तरह की गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। कपाली थानेदार धीरंजन कुमार ने कहा कि फायरिंग की अफवाह फैलाकर शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने बताया कि CCTV फुटेज और पूछताछ में गोली चलने का कोई प्रमाण नहीं मिला है। पुलिस ने कहा कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है और इसी कोण से जांच की जा रही है। साथ ही अफवाह फैलाने वालों की पहचान की जांच चल रही है। पुलिस ने बताया कि संबंधित युवकों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। फिलहाल कपाली में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
