गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर प्रखंड मुख्यालय के समीप दयाल प्रताप बिल्डिंग मार्केट कॉम्प्लेक्स में रविवार को नए ‘लैपटॉप बाजार’ शोरूम का भव्य शुभारंभ किया गया। शोरूम का उद्घाटन ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के उपमहापौर अंकुर सिंह, स्थानीय समाजसेवी, व्यवसायी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में लोगों ने नए शोरूम के शुभारंभ पर संचालक को शुभकामनाएं दीं।
पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि गम्हरिया और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब विभिन्न नामी कंपनियों के ब्रांडेड लैपटॉप एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।
इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आईटी व तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों को बेहतर गुणवत्ता वाले लैपटॉप खरीदने के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल और तकनीकी युग में लैपटॉप शिक्षा, व्यवसाय और रोजगार का महत्वपूर्ण साधन बन चुका है। ऐसे में इस तरह का आधुनिक शोरूम स्थानीय लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।
शोरूम के संचालक आयुष सिंह ने बताया कि यहां ग्राहकों को विभिन्न कंपनियों के ब्रांडेड लैपटॉप, सेकेंड हैंड एवं रिफर्बिश्ड लैपटॉप, हाई-परफॉर्मेंस गेमिंग लैपटॉप, लैपटॉप एक्सेसरीज और रिपेयरिंग की संपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा आसान फाइनेंस और आकर्षक किश्तों की सुविधा भी ग्राहकों को दी जाएगी, जिससे वे अपनी जरूरत और बजट के अनुसार उत्पाद खरीद सकें।
उन्होंने बताया कि शोरूम में लैपटॉप के साथ-साथ विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन भी उपलब्ध हैं।
उद्घाटन समारोह में अशोक सिंह, मनोज सिंह, चांद सिंह, प्रमोद सिंह, ब्रजेश सिंह, कमलेश सिंह, अरविंद सिंह, बिहारी गोंड, अनिल प्रसाद सिंह, विनोद सिंह, दलबीर सिंह, शैलेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
