साकची बाजार में नि:शुल्क पौधा वितरण, लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प
जमशेदपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक विशेष अभियान चलाया गया। साकची बाजार की हांडी लाइन स्थित मनोहर चाट दुकान के समीप समाजसेवी पप्पू सरदार के नेतृत्व में फलदार पौधों का नि:शुल्क वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान आम, अमरूद, नींबू, संतरा और जामुन समेत विभिन्न प्रजातियों के करीब 400 फलदार पौधे लोगों के बीच वितरित किए गए। सुबह से ही पौधे प्राप्त करने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी और अभियान को स्थानीय नागरिकों का भरपूर समर्थन मिला।
पप्पू सरदार ने बताया कि इस वर्ष पौधारोपण अभियान को “एक पेड़ मां-बहन के नाम” विषय के साथ जोड़ा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी मां और बहनों के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पौधारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छ हवा, छाया और फल प्रदान कर मानव जीवन को समृद्ध बनाते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम की सूचना एक दिन पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की गई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग निर्धारित स्थल पर पहुंचे और पौधे प्राप्त किए। कई लोगों ने अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने का संकल्प भी लिया।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराते हैं। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी तरह के जनजागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।
