सोनुवा : पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना पुलिस ने शनिवार सुबह अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनएच-320डी स्थित आसनतलिया गांव के समीप तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं। जब्त वाहनों में अवैध रूप से बालू लदा हुआ था।
पुलिस ने मामले की सूचना आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला खनन विभाग को दे दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये ट्रैक्टर-ट्रॉली गोइलकेरा और गुदड़ी क्षेत्र में कारो नदी के अवैध बालू घाटों से बालू लेकर चक्रधरपुर तथा कराईकेला की ओर जा रहे थे।
गौरतलब है कि पिछले करीब एक पखवारे से पुलिस और जिला खनन विभाग द्वारा अवैध खनन एवं बालू परिवहन के खिलाफ लगातार संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अब तक एक दर्जन से अधिक अवैध बालू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए जा चुके हैं।
इसके बावजूद अवैध बालू खनन और परिवहन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद भी बालू माफिया लगातार सक्रिय हैं और अवैध ढंग से बालू की ढुलाई जारी रखे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
