जमशेदपुर। सामाजिक संस्था सेवा समर्पण का एक शिष्टमंडल गुरुवार को विधायक Saryu Roy से मिला और उनका अभिनंदन किया। प्रतिनिधिमंडल ने रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर किए गए उनके प्रयासों की सराहना की।
शिष्टमंडल के सदस्यों ने कहा कि सरयू राय के नेतृत्व में रेल संघर्ष समिति ने यात्री ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी के खिलाफ जोरदार आंदोलन चलाया था। आंदोलन के दबाव में रेलवे के जीएम को समिति की मांगों को स्वीकार करना पड़ा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि रेल जीएम के आदेशों को सही तरीके से लागू किया गया तो यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सरयू राय लगातार जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं, जिसके कारण आम लोगों में उनके प्रति विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर उनकी सक्रियता सराहनीय है।
शिष्टमंडल में विभूति जेना, हरप्रीति सिंह, श्रवण पांडेय, मनीषा शर्मा, कुमुद शर्मा, सूर्या पात्रा, चंदन सिंह और राकेश समेत अन्य लोग मौजूद थे।
