जमशेदपुर के सुंदरनगर में रेलवे ट्रैक पर युवती का शव मिलने से सनसनी, चार महीने पहले हुई थी शादी
जमशेदपुर। सुंदरनगर थाना क्षेत्र के तुरामडीह में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान सरायकेला जिले के दूधी गांव निवासी 19 वर्षीय बेबी सोरेन के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही उसकी मां चंपा सोरेन समेत अन्य परिजन जमशेदपुर पहुंचे।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती ने आत्महत्या की, उसकी हत्या हुई या वह किसी हादसे का शिकार हुई।
सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत मुंडा ने बताया कि युवती रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जानकारी के मुताबिक, बेबी सोरेन की शादी चार महीने पहले चाईबासा के एक युवक से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। शादी के बाद वह कुछ समय मायके में रही और हाल ही में जमशेदपुर आई थी। वह करनडीह इलाके में अपनी सहेली निकिता के साथ रह रही थी।
बताया जा रहा है कि बेबी रोज सुबह घर से निकल जाती थी। गुरुवार को भी वह सुबह घर से निकली, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर पाया गया। सूचना मिलने पर उसकी सहेली निकिता मौके पर पहुंची और शव की पहचान की, जिसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई।
पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस हर संभावित एंगल से जांच में जुटी हुई है।
