पटना। राजधानी पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में बिहार सरकार ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की सिफारिश की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस संबंध में केंद्र सरकार से औपचारिक अनुरोध किया है।
उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की हत्या के मामले (कांड संख्या–14/26) की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई जांच की सिफारिश की गई है।
यह मामला पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल से जुड़ा है, जहां करीब पखवाड़े भर पहले छात्रा अपने कमरे में बेहोश अवस्था में पाई गई थी। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला बताया था, लेकिन परिजनों ने हॉस्टल में यौन उत्पीड़न के बाद हत्या का आरोप लगाया है।
मृत छात्रा जहानाबाद जिले के शकूराबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने पहले पुलिस महानिरीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था, जिसमें बाद में सीआईडी को भी शामिल किया गया। हालांकि, परिजनों ने एसआईटी की जांच पर सवाल उठाते हुए इसे सही दिशा में न होने का आरोप लगाया है।
शुक्रवार को पीड़िता की मां ने पुलिस महानिदेशक विनय कुमार से मुलाकात कर जांच प्रक्रिया पर असंतोष जताया था। इस प्रकरण को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है और विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है।
अब सीबीआई जांच की सिफारिश के बाद मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
