पटमदा : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड में शुक्रवार को आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर हजारों की संख्या में स्कूली बच्चे, सामाजिक कार्यकर्ता व शिक्षकों के द्वारा पदयात्रा निकाली गई।
इसकी शुरुआत स्कूल परिसर से हुई जो कुमीर कांकीडीह मोड़ से वापस स्कूल परिसर पहुंची। कार्यक्रम का शुभारंभ जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने सरदार वल्लभभाई पटेल की तस्वीर पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक सौहार्द व राष्ट्रगौरव के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर किया गया। सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन प्रेरणास्रोत है। उनकी एकता की विचारधारा आज भी देश में प्रासंगिक है।उन्होंने युवाओं से समाज निर्माण में सक्रिय योगदान व राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहने का आग्रह किया। उन्होंने युवाओं को समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने व राष्ट्रहित में समर्पित रहने का संदेश दिया।
युवा अधिकारी मोंटू पात्रा ने स्वागत भाषण दिया। पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की बैंड ग्रुप द्वारा प्रस्तुत शानदार बैंड परेड कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्लस टू आदिवासी उच्च विद्यालय बांगुड़दा के विद्यार्थियों ने झारखंड का मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया। मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप महतो, प्राचार्य सुजीत कुमार सेठ, कस्तूरबा विद्यालय की शिक्षिका रजनी मुर्मू, आदर्श मध्य विद्यालय बांगुड़दा की शिक्षिका सुस्मिता खां व शिक्षक अशीष कुमार आदि उपस्थिति थे।
