जमशेदपुर : बिरसानगर पीएम आवास योजना के लाभुकों ने सोमवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय का अभिनंदन कर उनके संघर्ष और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू द्वारा 19 जून को फ्लैट की चाबी सौंपने की घोषणा के बाद आयोजित समारोह में लाभुकों ने कहा कि सरयू राय के निरंतर प्रयासों से ही उन्हें उनका आशियाना मिलने जा रहा है।
यह आभार समारोह नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू द्वारा रविवार को की गई उस घोषणा के बाद आयोजित किया गया, जिसमें 19 जून को पीएम आवास योजना के लाभुकों को फ्लैट की चाबी सौंपने की बात कही गई है।
सोमवार अपराह्न करीब ढाई बजे से ही बड़ी संख्या में लाभुक सरयू राय के आवास पर पहुंचने लगे। इस दौरान लोगों ने कहा कि आवास पाने की लड़ाई में विधायक सरयू राय ने हर स्तर पर उनका साथ दिया। लाभुकों ने कहा कि यदि सरयू राय उनकी आवाज नहीं उठाते, तो संभव है कि उन्हें उनका हक नहीं मिल पाता।
समारोह को संबोधित करते हुए सरयू राय ने कहा कि यह दिन उनके लिए भी खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि लंबे इंतजार के बाद 19 जून को लाभुकों को उनके फ्लैट की चाबी मिलने जा रही है। उन्होंने संघर्षरत लाभुकों के धैर्य और एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि उनके संघर्ष को सलाम किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि फ्लैटों में रहने की शुरुआत के बाद कुछ शुरुआती कठिनाइयां आ सकती हैं, क्योंकि अभी तक वहां कोई रह नहीं रहा है और कुछ बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य शेष हैं। हालांकि, लाभुकों के वहां रहने से इन कार्यों की निगरानी बेहतर तरीके से हो सकेगी और समस्याओं का समाधान भी तेजी से होगा।
सरयू राय ने बताया कि पीएम आवास योजना की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से लाभुकों को फ्लैट मिलने में काफी विलंब हुआ। उन्होंने कहा कि अब छह वर्ष बाद लोगों को उनका आवास मिलने जा रहा है और इसे ‘देर आयद, दुरुस्त आयद’ कहा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने स्वयं फ्लैटों का निरीक्षण किया है। अधिकांश फ्लैट अच्छी स्थिति में हैं, हालांकि कुछ स्थानों पर दरारें दिखाई दी हैं, जो संभवतः निर्माण में काली ईंटों के उपयोग के कारण हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से भी फ्लैटों को लाभुकों को हस्तांतरित करने का आदेश जारी हो चुका है और आवश्यक कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।
सरयू राय ने इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नीरज सिंह, सुधीर सिंह, बीरेंद्र सिंह, सन्नी सिंह, कुंअर अतुल सिंह, संजय सिंह, आदित्य मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में लाभुक और समर्थक उपस्थित थे।
