August 10, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

परसुडीह में टाटा मोटर्स ड्यूटी जा रहे युवक की हाईवा की चपेट में आकर मौत, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम की

परसुडीह में टाटा मोटर्स ड्यूटी जा रहे युवक की हाईवा की चपेट में आकर मौत, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम की

जमशेदपुर: शहर में सड़क हादसों में मौत का दौर जारी है। रविवार भुइयांडीह बस स्टैंड के गेट नंबर 5 के समीप सड़क पार कर रहे राहगीर की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। गोलमुरी थाना क्षेत्र के आरडी टाटा गोलचक्कर के समीप महिला घायल हो गई।

साेमवार सुबह परसुडीह थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में टाटा मोटर्स जा रहे 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चांदनी चौक निवासी सुमित मुंडा के रूप में हुई है।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, सुमित मुंडा रोजाना की तरह सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे बाइक से टाटा मोटर्स में ड्यूटी के लिए निकले थे। सलगाजूड़ी हनुमान मंदिर के पास पीछे से तेज गति से आ रहे एक हाईवा ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सुमित की बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और वह हाईवा के पहिये की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को मौके पर ही रोक लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परसूडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

युवक की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि संकरी सड़क पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने की मांग की। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास करते हुए आश्वासन दिया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार चालक की तलाश जारी है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading