चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम में नक्सलियों ने सारंडा वन क्षेत्र के मनोहरपुर से कोलबोंगा की ओर जानेवाली मुख्य सड़क पर दो बड़े- बड़े पेड़ को काटकर गिरा दिया है। सड़क जाम है, आवागमन बाधित है। कहीं-कहीं रास्ते को खोद भी दिया गया है।
सड़क पर गिराए गए पेड़ों में नक्सलियों ने बैनर भी लगाए हैं। फिलहाल इस सड़क पर आवागमन ठप हो गया है। बता दें कि इससे पूर्व बुधवार को नक्सलियों ने सारंडा के छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुदलीबाद गांव में स्थित बीएसएनएल टॉवर को जला दिया गया था। साथ ही इसी क्षेत्र के कुदलीबाद से करिया जाने वाली सड़क को भी नक्सलियों ने विस्फोट कर उड़ा दिया है।
बता दें कि ऑपरेशन कगार के विरुद्ध भाकपा माओवादी नक्सली प्रतिशोध पखवाड़ा मना रहे हैं। यह हिंसा उसी के तहत किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत है। दूसरी ओर सुरक्षाबल इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।


