जमशेदपुर के आदित्यपुर में प्रवीण सेवा संस्थान ने राजस्थानी संस्कृति को दुर्गा पूजा पंडाल में उतारा
सालासर बालाजी और रानी सती दादी की दिख रही झलक
मारवाड़ी-अग्रवाल समाज ने किया मलखान सिंह का सम्मान
जमशेदपुर : जयराम युथ सपोर्टिंग क्लब – प्रवीण सेवा संस्थान द्वारा इस वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर एक ऐसा भव्य पंडाल तैयार किया गया है, जो पूरी तरह राजस्थानी संस्कृति, परंपरा और कला को समर्पित है। मलखान सिंह पंडाल परिसर में तैयार इस पंडाल में राजस्थान के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की सुंदर झलक देखने को मिल रही है।
पंडाल की विशेषता यह है कि इसमें उदयपुर के राजमहल, ग्रामीण परिवेश, सालासर बालाजी मंदिर, रानी सती दादी (झुंझुनूं) सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों को चित्रों और सजावटी स्थापत्य कला के माध्यम से दर्शाया गया है। पंडाल की सजावट और निर्माण में राजस्थानी लोक संस्कृति का विशेष ध्यान रखा गया है, जो दर्शकों को राजस्थान की भूमि से जोड़ता है।
इस प्रयास की सराहना करते हुए मारवाड़ी सम्मेलन (साकची शाखा) और पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन ने प्रवीण सेवा संस्थान के संरक्षक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह का पारंपरिक रूप से सम्मान किया। उन्हें राजस्थानी पगड़ी, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त कर भावुक हुए अरविंद सिंह ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति हमारे संस्कारों की जड़ है। मारवाड़ी समाज सदैव सामाजिक कार्यों और परंपरा के संरक्षण में अग्रणी रहा है। यह पंडाल हमारी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक छोटा-सा प्रयास है।”
इस अवसर पर सम्मेलन के कई पदाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनमें अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी) — अध्यक्ष, पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन, बजरंग लाल अग्रवाल — अध्यक्ष, मारवाड़ी सम्मेलन (साकची शाखा), विजय आनंद मुनका — अध्यक्ष, सिंहभूम चेम्बर ऑफ कॉमर्स, ओमप्रकाश रिंगसिया, महावीर मोदी, मंटू अग्रवाल, बबलू अग्रवाल, अजय भालोटिया, सन्नी संघी, सांवरमल अग्रवाल, दीपक चेतानी, राहुल चौधरी, कुशल गनेड़ीवाल, संजय शर्मा, नवीन पसारी सहित समाज के कई प्रमुख सदस्य शामिल थे।

