पश्चिम सिंहभूम के हाटगम्हरिया में ट्रेलर व सवारी गाड़ी में टक्कर, तीन की मौत, दर्जनभर घायल
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के हाटगम्हरीया थाना क्षेत्र में ट्रेलर संख्या जेएच 05डीजेड़ 1043 व सवारी गाड़ी संख्या ओआर14जे 6608 के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को कुमारडुंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कर उचित इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया है।
घटना सोमवार को दोपहर 12 बजे की है। हाटगम्हरीया थाना क्षेत्र के मुख्य चौक में लगने वाली सोमवार बाजार से सवारी गाड़ी कमांडर जीप सवारी लेकर माईंस करंजिया के चीनीबाई की ओर जा रही थी। इस दौरान लगभग आठ लोग गाड़ी की छत पर भी बैठे थे। दोपहर के 12 बजे कुईड़ा गांव के समीप जंगल में विपरीत दिशा से आ रही ट्रेलर गाड़ी से टक्कर हो गई। टक्कर इतना जोरदार था कि कमांडर गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी की छत पर बैठे आठ लोगों में से छह लोग सड़क किनारे फेंका गये। दो लोग चीनीबाई गांव के रघुनाथपुर टोला निवासी 28 वर्षीय कैरा सिंकु एवं 30 वर्षीय रामो हाईबुरु गाड़ी के आगे की ओर फेंका गए। इस कारण दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इधर चीनीबाई निवासी 42 वर्षीय चालक चन्द्रमोहन हेम्ब्रम गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक चंद्र मोहन को तुरंत में इलाज के लिए उड़ीसा के चाम्पूआ अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घायलों में रघुनाथपुर निवासी जोटिया सिंकु, गोपाल सिंकु, रघुनाथ सिंकु, जोटिया हाईबुरु, छोटा माहुलडिया निवासी संजु हेस्सा एवं उसका ढाई वर्ष का बच्चा आर्यान हेस्सा व अन्य शामिल हैं।

