हेमन्त सोरेन सरकार विश्वविद्यालयों की स्वायत्ता समाप्त करना चाहती है : डॉ दिनेशानंद गोस्वामी
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि हेमन्त सोरेन सरकार विश्वविद्यालयों की स्वायत्ता समाप्त करना चाहती है। हेमन्त सोरेन सरकार द्वारा विश्वविद्यालयों के कुलपति, प्रतिकुलपति एवं अन्य महत्वपूर्ण पदों की नियुक्ति करने के राज्यपाल के अधिकार को समाप्त करने फैसला पूरी तरह असंवैधानिक तथा लोकतांत्रिक ढांचे पर प्रहार है। राज्यपाल विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति होते हैं। आजादी के वाद से ही यह परंपरा चलती आ रही है। राज्यपाल राज्य सरकार से परामर्श कर देश के प्रमुख शिक्षाविदों को कुलपति एवं उपकुलपति के पदों पर नियुक्त करते हैं। सरकार यह व्यवस्था समाप्त कर उच्च शिक्षा संस्थानों को अपना कठपुतली बनाना चाहती है। सरकार 5 वर्षों में विश्वविद्यालयों तथा काॅलेजों के शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति नहीं कर सकी। शिक्षकों की कमी के कारण काॅलेजों के पठन-पाठन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उच्च शिक्षा प्राप्त करने हेतु छात्र दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। डॉ गोस्वामी ने शिक्षा के व्यापक हित में सरकार से इस फैसले को रद्द करने का आग्रह किया है।
