प्रवीण सेवा संस्थान : 70 फीट ऊंचा होगा पूजा पंडाल, दिखेगी राजस्थानी संस्कृति की झलक
आदित्यपुर : सरायकेला खरसांवा जिला के आदित्यपुर स्थित एम टाइप मैदान में श्रीश्री दुर्गा पूजा कमिटी, प्रवीण सेवा संस्थान के भव्य दुर्गा पूजा समारोह की तैयारी का श्रीगणेश हो गया है। मंगलवार को पूजा पंडाल निर्माण के लिए विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। यह पूजा पंडाल न सिर्फ क्षेत्र में खास पहचान रखता है, बल्कि लौहनगरी के प्रमुख आकर्षणों में भी शुमार होता है.
राजस्थान के महलों और ग्रामीण संस्कृति की झलक
इस वर्ष पूजा पंडाल का निर्माण राजस्थान के उदयपुर स्थित महलों और वहां के पारंपरिक ग्रामीण परिवेश की तर्ज पर किया जा रहा है। लगभग 70 फीट ऊंचे इस भव्य पंडाल की भव्यता दर्शकों को स्वतः आकर्षित करेगी। इस कलात्मक पंडाल का निर्माण मेचेदा, बंगाल के प्रसिद्ध पार्वती डेकोरेटर के अशोक कुमार डे के निर्देशन में हो रहा है, जिसमें 60 कुशल कारीगर कार्यरत हैं।
कोलकाता से आएगी विद्युत सज्जा और प्रतिमाएं
पूरे पंडाल की आकर्षक विद्युत सज्जा कोलकाता के बीजू दा की टीम द्वारा की जाएगी। वहीं मां दुर्गा एवं अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी कोलकाता के मूर्तिकारों द्वारा तैयार की जा रही हैं, जो पूजा पंडाल को और भी भव्यता प्रदान करेंगी।
भूमिपूजन में कई गणमान्य हुए शामिल
भूमिपूजन कार्यक्रम में पूजा कमिटी के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व विधायक अरविन्द कुमार सिंह के अलावा संरक्षक ए.के. श्रीवास्तव, अध्यक्ष विनायक सिंह, अंकुर सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ऋषि मिश्रा, शशि मिश्रा, भगवान सिंह, चंदन सिंह, जगदीश नारायण चौबे, शशिशेखर, पंकज प्रसाद, बसंत प्रसाद, सुनील गुप्ता, शंकर सिंह, बीरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, उपेन्द्र सिंह, इंद्रजीत पांडेय, धनंजय कुमार पप्पू, विनय तिवारी, सावन मिश्रा समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।
