Sarhul organised in jamshedpur: जमशेदपुर में भी नगाड़ों की गूंज व सरहुल गीतों के साथ मनाया प्रकृति का पर्व, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत कई दिग्गज हुए शामिल
जमशेदपुर : प्रकृति पर्व सरहुल शुक्रवार को जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में नगाड़ों की गूंज-सरहुल गीतों के साथ मनाया गया. उल्लास-उमंग के साथ मांदर की थाप, नगाड़ों की गूंज के बीच सरहुल गीत गाते हुए लोग सरहुल की शोभायात्रा में शामिल हुए.
शहर की उरांव बस्ती से भव्य सरहुल शोभायात्रा निकाली गई जिसमें जनजातीय समुदाय के लोग पारंपरिक वेशभूषा, वाद्ययंत्रों व प्रकृति संरक्षण का संदेशे देते हुए शामिल हुए.
सरहुल पर्व को लेकर भारी उल्लास युवा, युवतियों व बच्चों में देखने को मिला. बड़े-बुजुर्ग भी उमंग के साथ शोभायात्रा में नाचते-गाते हुए चल रहे थे.
सीतारामडेरा स्थित उरांव बस्ती के जाहेर थान में पूरे विधि विधान के साथ सरहुल पर्व मनाया गया जिसमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने भी शिरकत की और राज्य के लोगों को प्रकृति के महान पर्व सरहुल की शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि इंसान का अस्तित्व प्रकृति से है. जनजातीय समुदाय प्रकृति के इस महान पर्व को मना कर यह संदेश देता है कि प्रकृति यदि संरक्षित रहेगी तभी इंसान सुरक्षित रहेगा. उन्होंने तमाम जनजातीय समुदाय के लोगों को सरहुल की शुभकामनाएं दी और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया.
