दिव्यांगों को कुछ करने का हौसला देने भारत यात्रा पर निकले जावेद जमशेदपुर पहुंचे, दिखाया फौलादी इरादा
जमशेदपुर : देश के दिव्यांगों को अपने दम पर कुछ करने का हौसला देने के लिए मोहम्मद जावेद 30 हजार किलोमीटर की भारत यात्रा पर निकले हैं. रविवार को वे लौहनगरी जमशेदपुर पहुंचे. यहां उन्हें अपने फौलादी इरादे को जाहिर किया.
जमशेदपुर पहुंचने पर मोहम्मद जावेद ने बताया कि उनकी यात्रा का उद्देश्य देशभर के दिव्यांगों को यह संदेश देना है कि उनके लिए कोई भी काम असंभव नहीं है. वे खुद को उपेक्षित नहीं समझें, बल्कि बुलंद हौसलों के साथ लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ते रहें. केवल सरकार के भरोसे रह कर अपने अंदर छिपी प्रतिभा को कोसने के बजाय अपने लिए जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें.
जावेद खुद दिव्यांग हैं. इसलिए खास तौर से डिजाइन की गई की गाड़ी से यात्रा पर निकले हैं. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन यानी 08 मार्च को अपनी यात्रा की शुरुआत चेन्नई से की. अभी तक सात हजार किमी का सफर तय कर चुके हैं. वे 25 मई को बेंगलुरु में 30 हजार किलोमीटर की दूरी तय कर यात्रा का समापन करेंगे.
