कपाली: सरायकेला खरसावां के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत इस्लामनगर में अफसर नवाज पर हुई जानलेवा फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है, जिसके घटना में इस्तेमाल होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
चांडिल एसडीपीओ ने बताया कि 2 जून की दोपहर इस्लामनगर वार्ड संख्या-5 स्थित मजार के पीछे अफसर नवाज पर जान मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम लगातार तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने उड़ीसा से मोहम्मद सलमान उर्फ जम्बू को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-17 का निवासी बताया गया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कपाली लाकर पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। आरोपी की निशानदेही पर एक पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बरामद हथियार का इस्तेमाल फायरिंग की घटना में किया गया था या नहीं।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कपाली ओपी प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस कांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
इस अभियान में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, सब-इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू, टाइगर जवान विपिन कुमार सहित सशस्त्र बल के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है जल्द ही अन्य आरोपी गिरफ्त में होंगे।
