जमशेदपुर : उलीडीह ओपी क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। आदिवासी क्लब के समीप झाड़ियों में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों के मुताबिक विकास सिंह शनिवार देर रात अपने भगिने से मिलने उलीडीह गया था। मुलाकात के बाद वह घर लौटने के लिए निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिवार के लोगों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
रविवार सुबह उलीडीह की एक युवती ने परिजनों को फोन कर झाड़ियों में एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान विकास सिंह के रूप में की। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के भाई ने हत्या के पीछे क्षेत्र में सक्रिय नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का हाथ होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि इलाके में आपराधिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और संभव है कि विकास किसी अपराध का शिकार हुआ हो। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों और आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।
