आदित्यपुर : आदित्यपुर के आनंद विहार सभागार में गम्हरिया विकास समिति द्वारा आयोजित समारोह में टाटा स्टील से सेवानिवृत्त समाजसेवी योगेंद्र प्रसाद गुप्ता को सम्मानित किया गया। इस दौरान क्षेत्र की जन समस्याओं और जलापूर्ति योजना पर भी चर्चा हुई।
गम्हरिया विकास समिति के तत्वावधान में आनंद विहार सभागार में आयोजित एक समारोह में जागृति क्लब के संस्थापक, टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व सदस्य तथा टाटा स्टील में 44 वर्षों तक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए समाजसेवी योगेंद्र प्रसाद गुप्ता को सम्मानित किया गया।
समारोह में आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह, समाजसेवी अरविंद कुमार पप्पू, अधिवक्ता नीरज कुमार एवं एसएन यादव ने उन्हें बुके, शॉल और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर समिति की ओर से पुरेंद्र नारायण सिंह ने योगेंद्र गुप्ता को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जीवनी पर आधारित पुस्तक भी भेंट की।
बैठक में सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों पर चर्चा के साथ आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की जन समस्याओं के समाधान को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि आदित्यपुर बृहद जलापूर्ति योजना के अंतर्गत आदित्यपुर-2 क्षेत्र में पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित कराने को लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर जनहित में आंदोलन करने के मुद्दे पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा।
बैठक में अरविंद कुमार पप्पू, अधिवक्ता नीरज कुमार, विनोद कुमार सिंह, संजय कुमार, अश्वनी कुमार सिंह, योगेंद्र प्रसाद, श्रीभगवान सिंह, जनार्दन सिंह, राजकुमार शर्मा, केएल यादव, नगीना यादव, शिक्षाविद बीएन प्रसाद, संतोष कुमार सिंह, गोपाल यादव, मलिक महतो, संजय कुमार यादव, अंजनी कुमार, अधिवक्ता संजय कुमार, देव प्रकाश, विनोद कुमार शर्मा, बलराम सिंह समेत कई लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंद कुमार पप्पू ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन देव प्रकाश ने किया।
