== इलाके में दहशत फैलाने का था आरोप
जमशेदपुर: शहर के कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शास्त्रीनगर स्थित खरकई नदी के किनारे छापेमारी कर दो युवकों को हथियार के साथ धर दबोचा। दोनों आरोपियों की पहचान चाचा-भतीजा के रूप में हुई है, जो इलाके में लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे और हथियार के बल पर दहशत फैलाने का कार्य कर रहे थे।
शुक्रवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4, खरकई नदी के किनारे दो युवकों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षकों के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने जब दोनों युवकों की तलाशी ली, तो एक के पास से लोहे से निर्मित देशी कट्टा जबकि दूसरे के पास से 8 एमएम का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने अपनी पहचान रविनाथ मछुआ एवं आशिष मछुआ के रूप में दी है। दोनों आरोपी शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-5, जयप्रकाश नगर, थाना कदमा के रहने वाले हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी रविनाथ मछुआ का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में अवैध शराब की बिक्री के मामले में जेल की सजा काट चुका है। वहीं उसका भतीजा आशिष भी उसके साथ मिलकर क्षेत्र में हथियार के बल पर लोगों को डराने और धमकाने का काम करता था। इनकी गतिविधियों से क्षेत्र के लोग लंबे समय से परेशान थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे हथियार कहां से लाए थे और इनका उपयोग किन-किन आपराधिक गतिविधियों में किया गया। साथ ही इनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सिटी एसपी ने कहा कि जमशेदपुर पुलिस अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
