जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ऋषभ गर्ग ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि बरशोल की ओर से मोटरसाइकिल पर ब्राउन शुगर लाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला अजीत कुजूर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इसी दौरान ग्राम भाटियाल मुख्य सड़क एनएच 49 स्थित वृंदावन होटल के पास छापामारी दल ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने की कोशिश की, लेकिन चारों व्यक्ति भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर चारों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम चंदन खटुआ, राकेश कुमार षण्ड, राजा रजक और अंशु मिश्रा बताया। पुलिस ने तलाशी में चंदन खटुआ से 60 पुड़िया ब्राउन शुगर (5.20 ग्राम), राकेश कुमार षण्ड से 21 पुड़िया (1.91 ग्राम), राजा रजक से 12 पुड़िया (1.05 ग्राम) और अंशु मिश्रा से 13 पुड़िया (1.22 ग्राम) ब्राउन शुगर बरामद किया। इसके साथ ही दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल और 1550 रुपये नकद भी जब्त किए गए। कुल 106 पुड़िया ब्राउन शुगर का वजन लगभग 9.380 ग्राम है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर बहरागोड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस लगातार ब्राउन शुगर तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है।
