जमशेदपुर : आजाद नगर थाना क्षेत्र के पारडीह चौक स्थित मारुति कंपनी के स्टॉक यार्ड में बुधवार को अचानक आग लग गई। घटना से इलाके में अफरा -तफरी मच गई। मारुति कंपनी के इस यार्ड में खड़ी फोर्ड फिगो कार में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई और उठते काले धुएं ने पूरे क्षेत्र को ढक लिया। धुआं फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरंत इसकी सूचना आज़ाद नगर थाना एवं अग्निशमन विभाग को दी।
जानकारी के अनुसार, यार्ड में कार की बैटरी बदली जा रही थी। इस दौरान जब गाड़ी को स्टार्ट करने की कोशिश की गई, तभी अचानक उसमें आग लग गई। डीएसई सिकंदर खान ने बताया कि आग ने तेजी से भयावह रूप ले लिया। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पास ही खड़ी अन्य गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। घटना की सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली ।
स्थानीय लोगों ने कहा कि आग लगते ही चारों ओर घना धुआं फैल गया था, जिससे सांस लेना मुश्किल हो गया। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया था लेकिन पुलिस और दमकलकर्मियों की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में आ गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन कार पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

